जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ की मांग जल्द हो लागू त्रिस्तरीय कैडर
प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ की बैठक
तीर्थ चेतना न्यूज
देहरादून। प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ की बैठक में शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुददों पर चर्चा करते हुए सरकार/ विभाग से निस्तारण की मांग की गई।
सोमवार को रेसकोर्स स्थित ट्रांजिट हाल में आयोजित बैठक में समस्त जनपदों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में जूनियर हाई स्कूल के शिक्षकों के विभिन्न मुददों पर चर्चा की गई। उधमसिंह नगर जिला इकाई के अध्यक्ष कुंवर पाल ने 17140/ वेतनमान का मुददा उठाया। कहा कि यह मुद्दा कोर्ट में लम्बित है इस मुद्दे को शासन से समन्वय स्थापित करते हुए इसमे से नॉशनल शब्द हटाते हुए हल किये जाने की मांग की।
सभी जनपदों के पदाधिकारियों ने शिक्षकों के त्रिस्तरीय कैडर व्यवस्था कोे अविलंब लागू किये जाने की मांग की है। मांग की गई कि जब तक त्रिस्तरीय कैडर व्यवस्था लागू नहीं की जाती है,तब तक प्रदेश के समस्त जनपदों में ऐसे उच्चीकृत जूनियर हाईस्कूलों को जो पृथक इकाई के रूप में एवं दूरी पर संचालित है छात्र हित को मध्य नजर रखते हुए इन उच्चीकृत विद्यालयों सहित समस्त जूनियर हाईस्कूलों में स्वीकृत पदों के सापेक्ष प्रधानाध्यापक तथा सहायक अध्यापक के पदों (3 स0अ0$प्र0अ0)की शीघ्र पदोन्नति /स्थानांतरण करने हेतु जनपदों के जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा0 शि0)को आदेश दिए जाएं।
कार्मिक विभाग द्वारा जारी 12 अक्टूबर 2021 के शासनादेश के क्रम में प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापकों को पूर्ण सेवाकाल में 03 पदोन्नतियां दी जाए। प्रधानाध्यापक जूनियर हाईस्कूल की अगली पदोन्नति संकुल , मॉडल ,विद्यालयों के वरिष्ठ प्रधानाध्यापक, उपशिक्षाधिकारी एवं हाईस्कूल प्रधानाध्यापक पदों तक सुनिश्चित की जाए।
समग्र शिक्षा के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को राज्य सैक्टर के शिक्षकों की भांति समय पर वेतन आहरण की व्यव्स्था की जाये तथा इन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के वेतन आहरण वितरण हेतु उपशिक्षाअधिकारियों को नियुक्त किया जाए।
राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के अन्तर्गत शिक्षक एवं कार्मिकों को ओ0पी0डी0 सहित केंद्र के समान दरों पर निःशुल्क चिकित्सा सुविधा अनुमन्य किया जाए। शिक्षकों को मातृ-पितृ क्रिया संस्कार हेतु 15 दिनों के अवकाश हेतु आदेश निर्गत किया जाए।
ग्रीष्म अवकाश में यदि शिक्षकों से विभागीय कार्य कराने हैं तो विभाग ग्रीष्मकालीन अवकाश बंद कर शिक्षकों को विभाग इसके बदले उपार्जित अवकाश स्वीकृत करे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मांगों पर गौर न किए जाने पर शिक्षक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। बैठक में पूर्व प्रदेशीय महामंत्री राजेन्द्र बहुगुणा एवं जगदीश नौटियाल (प्रदेशीय सलाहकार) को प्रदेश संगठन द्वारा उनकी सेवानिवृत्ति पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रदेशीय (संरक्षक ) राजेन्द्र बहुगुणा ने की तथा संचालन प्रदेशीय महामन्त्री जगवीर खरोला द्वारा किया गया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विनोद धापा उपस्थित थे । बैठक में (वरिष्ठ उपाध्यक्ष ) उमेश चौहान,( प्रदेश कोषाध्यक्ष ) मनोज शाह( सयुंक्त मंत्री ) सुरेश भट्ट, पवन सैनी,कुंवर राणा,सूरजमन्द्रवाल,कीर्तिमान,बलजीत चौधरी,मुकेश काला,प्रमोद चौहान, भगत महर,सुधार उनियाल,सैनसिंह ,प्रदेश मीडिया प्रभारी विपिन मेहता उपस्थित थे।
