मुनिकीरेती। गढ़वाल मंडल विकास निगम के बैनर तले अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव 16 मार्च से गंगा रिसोर्ट में होगा। सप्ताह भर चलने वाले योग महोत्सव की तैयारियों को फाइनल टच दिया जा रहा है।
जीएमवीएन में प्रबंध निदेशक प्रतीक जैन ने मीडिया को उक्त जानकारी दी। बताया कि 16- 22 मार्च तक चलने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव की तैयारियों को फाइनल टच दिया जा रहा है। अभी तक करीब डेढ़ हजार रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। इसमें विदेशी पर्यटक और योग साधक भी शामिल हैं।
कहा कि योग की अंतर्राष्ट्रीय राजधानी ऋषिकेश और हरिद्वार के तमाम योग स्कूल और आश्रमों के योगाचार्य महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 16 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बतौर मुख्य अतिथि महोत्सव का शुभारंभ करेंगे।
कहा कि हर दिन योग महोत्सव की शुरूआत भोर में पांच बजे होगी। ब्रेकफास्ट, लंच, और डिनर के बीच योग के चार सत्र चलेंगे। इसमें योगाभ्यास से लेकर डिवाइन टॉक तक शामिल हैं। इस क्षेत्र के ख्यातिप्राप्त संतों का सानिध्य लोगों को मिलेगा।
योग महोत्सव की हर संध्या संगीत से सरोबार होगी। इसमें अनूप जलोटा, इस्कॉन नाइट, बडाली बंधू, और प्रख्यात लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी प्रतिभाग करेंगे।
जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक प्रतीक जैन ने बताया कि गढ़वाल मंडल विकास निगम पिछले अनुभवों को लेकर आगे बढ़ेगा। जल्द ही योग महोत्सव को लेकर अलग से व्यवस्था बनाने के प्रयास होंगे। ताकि छह माह पूर्व से इस दिशा में तैयारियां की जा सकें।
इस मौके जीएम लक्ष्मीराज चौहान, नरेंद्रनगर के एसडीएम आशीष घिल्डियाल, जीएमवीएन की सेक्रेटरी कनिका आनंद, आरपी ढौंडियाल, मेहरबान रांगड़, भारत कुकरेती आदि मौजूद रहे।