भारत की विविधता आपसी संघर्ष का नहीं, सौंदर्य का प्रतीक

भारत की विविधता आपसी संघर्ष का नहीं, सौंदर्य का प्रतीक

इंटरफेथ हार्मनी सप्ताह पर विशेष


स्वामी चिदानंद सरस्वती।

भारत की विविधता संघर्ष नहीं, बल्कि राष्ट्र का सौंदर्य है। यहां देव भक्ति अपनी अपनी परन्तु देशभक्ति सब मिलकर करें का दिव्य संदेश देता है। यह सप्ताह आह्वान करता है कि हम अलग आस्थाओं के होकर भी एक राष्ट्र, एक मानवता और एक परिवार हैं।

वैश्विक स्तर पर एक से सात फरवरी को मनाये जाने वाला इंटरफेथ हार्मनी सप्ताह के इन दिनों विश्व भर में इसे साकार करने को प्रयास हो रहे हैं। भारत इसका सबसे मजबूत उदाहरण है। भारत केवल एक देश नहीं, बल्कि एक चेतना है; एक संस्कृति है जो पूरी मानवता को अपने हृदय में समेटने का संदेश देता है। भारत की संस्कृति “वसुधैव कुटुम्बकम” की संस्कृति है, जहाँ पूरी पृथ्वी एक परिवार है। ऐसा मानने और इसका अनुकरण करने वाला सिर्फ भारत है।

हमारी परंपरा केवल “जिओ और जीने दो” तक सीमित नहीं है। भारतीय संस्कृति और परंपराएं इससे भी आगे बढ़कर “जिओ और जीवन दो” का संदेश देती है और इसे जीवन में उतारने हेतु लोगों को प्रेरित करती है। भारत की संस्कृति “सर्वे भवन्तु सुखिनः” का संदेश देती है। भारतीय संस्कृति युद्ध नहीं, योग सिखाती है; संघर्ष नहीं, सह-अस्तित्व सिखाती है; विभाजन नहीं, करुणा का संदेश देती है।

जब तक दुनिया का अंतिम व्यक्ति सुखी नहीं, तब तक हमारी प्रार्थनायें अधूरी है। आज जब संसार में विभाजन की रेखाएँ गहरी होने लगी हैं, जाति, पंथ, भाषा और मत के नाम पर दिलों में दीवारें खड़ी होने लगी हैं तब मानवता को फिर से जोड़ने के लिए धर्म की ज्योति प्रज्ज्वलित करनी पड़ेगी। इंटरफेथ हार्मनी वीक वह पुकार है जो हमें याद दिलाती है कि हमारे अलग-अलग मार्ग हो सकते हैं, अलग-अलग पूजा पद्धति हो सकती है परन्तु मंज़िल एक ही है और वह है शांति, प्रेम और करुणा।

भारत की पावन धरती ने सदियों से “वसुधैव कुटुम्बकम” का संदेश दिया है। यहाँ मंदिर की घंटियाँ, मस्जिद की अज़ान, गुरुद्वारे का कीर्तन और चर्च की प्रार्थना सभी का स्वर यही संदेश देता है कि मानवता ही सर्वाेच्च धर्म है, अब इसे आत्मसात करने की जरूरत है। भारत के इस संदेश को दुनियां जहां में मान्यता मिली है। साथ ही लोग इसे आत्मसात करने को आगे आ रहे हैं।

सबसे पहले संवाद की संस्कृति को बढ़ावा देना होगा। जब अलग-अलग धर्मों के प्रतिनिधि एक मंच पर बैठकर एक-दूसरे की मान्यताओं को समझते हैं, तो गलतफहमियाँ स्वतः समाप्त हो जाती हैं। संवाद, शत्रुता को मित्रता में बदल देता है। हमारी विविधता संघर्ष नहीं, बल्कि सौंदर्य है। इंटरफेथ हार्मनी सप्ताह सांस्कृतियों के आदान-प्रदान का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है।

हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि धर्म केवल पूजा तक सीमित न रहे, बल्कि मानवता की सेवा, प्रकृति की रक्षा और विश्व शांति का माध्यम बने। हर हृदय मंदिर बने, हर कदम सेवा बने और हर श्वास प्रार्थना बने। आज दुनिया को हथियारों की नहीं, संस्कारों की ज़रूरत है; तर्कों की नहीं, करुणा की ज़रूरत है और यही मानवता का मार्ग भी है।

Tirth Chetna

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *