उच्च शिक्षा विभाग को भी अखरा प्राध्यापकों का सीधे मंत्री तक पहुंचना

हल्द्वानी। स्कूली शिक्षा के बाद अब उच्च शिक्षा विभाग को प्राध्यापकों और कर्मियों का सीधे राज्यपाल, मुख्यमंत्री और मंत्रियों को प्रार्थना पत्र देना अखर गया है। दरअसल, उच्च स्तर कार्मिकों के पत्राचार से उकताने लगा है।
कुछ समय पूर्व स्कूली शिक्षा विभाग ने शिक्षक/कर्मियों की समस्या के निदान को प्रार्थना पत्र की हदें तय कर दी थी। अब उच्च शिक्षा विभाग ने भी ऐसा फरमान जारी किया है। निदेशक डा. संदीप कुमार शर्मा ने गवर्नमेंट डिग्री/पीजी कॉलेज के प्रिंसिपलों को इस इस आशय का पत्र लिखा है।
पत्र में इस बात का जिक्र किया गया है कि कुछ कार्मिकों द्वारा सीधे राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्री के साथ पत्राचार किया जा रहा है। उच्च स्तर से इस पर नाराजगी व्यक्त की गई है। प्रिसिपलों से अपेक्षा की गई है कि इसके बारे में सभी प्राध्यापकों/कार्मिकों को अवगत कराएं। उनके अवगत होने की पुष्टि उनके हस्ताक्षर के साथ उपलब्ध कराएं।