डॉ गौरव जोशी बने भारतीय रेडक्रॉस समिति उत्तराखंड मैनेजिंग कमेटी के कार्यकारी चेयरमैन’
राज्य में पांच लाख रेडक्रास सदस्य बनाने का लक्ष्य
तीर्थ चेतना न्यूज
देहरादून। डॉ गौरव जोशी भारतीय रेडक्रॉस समिति उत्तराखंड की मैनेजिंग कमेटी के नए कार्यकारी चेयरमैन होंगे। उन्होंने पदभार संभाल लिया है।
गुरूवार को डा. गौरव जोशी ने देहरादून राज्य शाखा कार्यालय पहुंचकर कार्यकारी चेयरमैन, भारतीय रेडक्रॉस समिति उत्तराखंड का चार्ज लेते हुए समीक्षा बैठक ली। उन्होंने बताया कि राज्यपाल/अध्यक्ष, भारतीय रेडक्रॉस समिति उत्तराखंड द्वारा उत्तराखंड में रेडक्रॉस मानव सेवा से संबंधित कार्यों में गति लाने हेतु पांच लाख रेडक्रॉस सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है।
भारतीय रेडक्रॉस समिति उत्तराखंड द्वारा प्राथमिकता के आधार पर पांच लाख रेडक्रॉस सदस्य बनाने का प्रयास रहेगा। इस मौके पर वर्तमान मानसून अवधि के दौरान उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में राज्य शाखा द्वारा भेजी गई राहत सामग्री की समीक्षा की। उनके द्वारा बताया गया की रेडक्रॉस समिति मानव सेवा हेतु समर्पित संस्था है। रेडक्रॉस समिति के समस्त स्वयंसेवक निस्वार्थ भाव से विभिन्न क्षेत्रों यथा- स्वास्थ्य, शिक्षा, आपदा प्रबंधन, क्षमता विकास प्रशिक्षण,क्तदान, राज्य एवं भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभाग कर रहे है।
इस दौरान चेयरमैन मैनेजिंग कमेटी द्वारा प्रभारी महासचिव को निर्देश दिए गए कि , वर्तमान मानसून अवधि के दौरान जिला स्तरीय रेडक्रॉस समितियां से लगातार समन्वय बनाया जाए। किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए प्रशिक्षित रेडक्रॉस स्वयंसेवकों की सेवा लेने हेतु स्वयंसेवकों से निर्वाध समन्वय बनाया जाए।
इस मौके पर प्रभारी महासचिव हरिश्चंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष मोहन खत्री व रेडक्रॉस परिवार एवं बिट्स पिलानी ग्रुप केछात्र-छात्राओं द्वारा डॉक्टर गौरव जोशी को पुष्प कुछ भेंट करते हुए, भव्य स्वागत किया गया। बता दें कि, रेडक्रॉस उत्तराखंड के निवर्तमान चेयरमैन कुंदन सिंह टोलिया का स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं के दृष्टिगत उनके द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में रेडक्रॉस गाइडलाइन के अनुसार वाईस चेयरमैन डॉ गौरव जोशी द्वारा चेयरमैन मैनेजिंग कमेटी से संबंधित समस्त दायित्वों का निर्वहन किया जा रहा है। इस दौरान राज्य शाखा कार्यालय में श्री मुंशी चौमवाल, राज्य आपदा प्रबंधन समन्वयक, श्रीमती प्रीति रावत, कनिष्ठ सहायक , बिट्स पिलानी ग्रुप से प्रोफेसर चंद्रशेखर विजेंद्र यादव एवं छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।