हरिद्वार जिले में ओवरलोड हुई भाजपा,प्रभावित होंगे देवतुल्य कार्यकर्ताओं के हित

तीर्थ चेतना न्यूज
हरिद्वार। राज्य के हरिद्वार जिले में भाजपा ओवरलोड होने लगी है। पार्टी 2024 के लिए इसे अच्छा संकेत मान रही है। मगर, इससे भाजपा के देवतुलय कार्यकर्ताओं के हित प्रभावित होंगे।
बेशक भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। मगर, अब पार्टी के आधार में रीति-नीति में तपे तपाए देवतुल्य कार्यकर्ता ही नहीं रह गए हैं। इन कार्यकर्ताओं से अधिक अब अन्य दलों से आए लोगों की संख्या होने लगी है। दरअसल, कांग्रेस मुक्त भारत की सोच लेकर बढ़ रही भाजपा अब विपक्ष मुक्त की ओर अग्रसर हो रही है।
ताजा मामला हरिद्वार जिले का है। यहां हाल ही में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हुए। उक्त चुनाव पार्टी के सिंबल पर नहीं होते। बावजूद इसके हारे-जीतों की गिनती पार्टी के आधार पर हो रही है। बहरहाल, अब अचानक यहां जीते ही जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत और ग्राम प्रधानों में भाजपा में शामिल होने की होड़ मच गई।
भाजपा के दिग्गज नेता अधिक से अधिक जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्यों को पार्टी में शामिल करने के काम में लगे हुए हैं। राजधानी देहरादून लोकर चुनाव जीते लोगों को सम्मान के साथ पार्टी की सदस्यता दिलाई जा रही है। गरज ये है कि जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख भाजपा के बन सकें और पार्टी के पक्ष में माहौल बन सकें।
भाजपा की ये 2024 के आम चुनाव की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे पार्टी को लोकसभा चुनाव में लाभ भी मिल सकता है। मगर, ये लाभ किस किमत पर मिलने वाला है। ये समझने की जरूरत है।
भाजपा को ये लाभ देवतुल्य कार्यकर्ताओं की कीमत पर मिलेगा। दरअसल, हरिद्वार में भाजपा ओवरलोड हो गई है। राज्य के अन्य जिलों में भी ऐसा ही नजारा दिख रहा है। पार्टी के बड़े नेता इससे गदगद हैं। इससे पार्टी के देवतुल्य कार्यकर्ता असहज महसूस कर रहे हैं। अन्य दलों से नेताओं को कार्यकर्ताओं का आने का क्रम लगातार जारी है। जाहिर है इससे देवतुल्य कार्यकर्ता प्रभावित होंगे।