गवर्नमेंट पीजी कॉलेज डोईवाला मांगे साइंस और कॉमर्स में पीजी
तीर्थ चेतना न्यूज
डोईवाला। गवर्नमेंट पीजी कॉलेज, डोईवाला में साइंस और कॉमर्स में पीजी कक्षाओं की मांग जोर पकड़ने लगी है। अभिभावकों ने इसके लिए जनप्रतिनिधियों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है।
गवर्नमेंट पीजी कॉलेज, ऋषिकेश के श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय का कैंपस बनने के बाद डोईवाला पीजी कॉलेज का सेवित क्षेत्र काफी बढ़ गया है। इस बढ़े हुए क्षेत्र के मुताबिक कॉलेज ने सीमित संसाधनों में स्वयं का साबित भी कर दिया है। नैक से मिला बी ग्रेड इसका प्रमाण है।
अभी तक कॉलेज पीजी के नाम पर सिर्फ कला संकाय ही है। ऐसे में अब कॉलेज को साइंस और कॉमर्स में पीजी की जरूरत महसूस हो रही है। कॉलेज से साइंस और कॉमर्स में स्नातक पास करने वाले छात्र/छात्राओं को पीजी में एडमिशन के लिए भटकना पड़ता है।
कॉलेज के पास साइंस और कॉमर्स संकाय में पीजी कक्षाओं के लायक व्यवस्था भी है। बस सरकार की नजरें इनायत होने की जरूरत है। अभिभावकों ने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से साइंस और कॉमर्स में पीजी के लिए जोर लगाना शुरू कर दिया है।
कॉलेज प्रशासन भी अपने स्तर से सक्षम मंच पर बात को रख रहा है। कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. डीसी नैनवाल का कहना है कि साइंस और कॉमर्स में पीजी की जरूरत है।


