गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज चंद्रबदनी में छात्राओं को दी गई गौरा शक्ति एप की जानकारी
देवप्रयाग। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, चंद्रबदनी नैखरी में छात्राओं को सुरक्षा के टिप्स देने के साथ ही गौरा शक्ति एप के बारे में जानकारी दी गई।
गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, चंद्रबदनी (नैखरी) की एनएसएस इकाई के बैनर तले आयोजित कार्यशाला का प्रिंसिपल डॉ महंथ मौर्य ने शुभारंभ किया। इस मौके पर प्रिंसिपल मौर्य ने छात्राओं के जागरूक रहने पर जोर दिया। साथ ही पुलिस के स्तर से हो रहे प्रयासों की सराहना की।
इस मौके पर एसओ हिंडोलाखाल बलवंत कंडियाल द्वारा उत्तराखंड पुलिस की ई-गवर्नेंस पहल से संबंधित “उत्तराखंड पुलिस ऐप“ के बारे में महाविद्यालय के समस्त छात्र छात्राओं को जानकारी देने के साथ ही ऐप को डाउनलोड भी करवाया गया। महिला सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण गौरा शक्ति पोर्टल पर उपस्थित सभी छात्राओं का रजिस्ट्रेशन भी करवाया गया।
कार्यक्रम में कंडियाल द्वारा ’यातायात सुरक्षा सप्ताह’ के मौके पर नशा मुक्ति, यातायात नियमों के पालन, साइबर क्राइम आदि के बारे में भी छात्र छात्राओं को बताया गया। इस मौके पर समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ प्रताप सिंह बिष्ट द्वारा सभी छात्र छात्राओं को यातायात नियमों के पालन हेतु शपथ भी दिलवाई गई।