सभी स्कूल अच्छे होते हैं

बच्चों को चाहिए अभिभावकों का मॉरल सपोर्ट और मॉनिटरिंग
सभी स्कूल अच्छे होते हैं। स्कूल के स्तर पर छात्र/छात्राओं की बेहतरी के लिए खूब प्रयास होते हैं। बच्चों को अभिभावकों का मॉरल सपोर्ट और मॉनिटरिंग की जरूरत होती है।
ये कहना है फुट हिल्स एकेडमी की प्रिंसिपल अनिता रतूड़ी का। हिन्दी न्यूज पोर्टल www.tirthchetna.com/ हिन्दी साप्ताहिक तीर्थ चेतना से बातचीत में उन्होंने स्कूल, छात्र, अभिभावक और नई शिक्षा नीति पर खुलकर बातचीत की। बातचीत को अब तीर्थ चेतना के यूटयूब चैनल पर भी देख सकते हैं। पेश है बातचीत के मुख्य अंश।
सवाल- फुट हिल्स एकेडमी की नए शिक्षा सत्र के लिए क्या तैयारियां हैं।
जवाब- छात्र/छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए क्या बेहतर किया जा सकता है इसके लिए हमेशा तैयार रहते हैं। तैयारियां चलती रहती हैं ये सतत प्रक्रिया है। गत वर्ष की तुलना में इस बार और बेहतर करना है।
सवाल- मेरा मतलब एडमिशन से है।
जवाब- फुट हिल्स एकेडमी मंे एडमिशन नर्सरी, एलकेजी और कक्षा एक तक ही होता है। अन्य कक्षाओं में नए एडमिशन की गुंजाइश ना के बराबर होती है। प्रत्येक कक्षा में सेक्शन और सीट को लेकर सीबीएसई का स्पष्ट गाइड लाइन है। इसको सख्ती से फॉलो किया जाता है।
सवाल- अच्छा स्कूल कौन होता है। इसको लेकर समाज में बहुत भ्रम है।
जवाब- बहुत अच्छा सवाल है। सभी स्कूल अच्छे होते हैं। जरूत इस बात की है कि अभिभावक स्कूल का चयन अपनी सुविधानुसार करें। स्कूल के चयन के बाद बच्चों ध्यान जरूर दें। मॉरल सपोर्ट करें। मानिटरिंग करें। स्कूल के संपर्क में रहें। निश्चित रूप से अच्छे परिणाम मिलेंगे।
सवाल- स्कूलों ने समाज को नंबर गेम में उलझा दिया है।
जवाब- स्कूलों ने नहीं। समाज नंबर गेम में उलझ रहा है। देखा देखी के दौर ने जोर पकड़ लिया है। ये अच्छा नहीं है। बच्चे का मूल्यांकन सिर्फ नंबरों से ही नहीं किया जाना चाहिए। इस बात को स्कूल के साथ-साथ अभिभावकों को भी स्वीकारना होगा। मै स्वयं कई मौकों पर अभिभावकों से इस बारे में बात करती हूं। अच्छी बात ये है कि अब अभिभावक काफी जागरूक हो गए हैं। वो स्वयं अपने पाल्यों की क्षमताओं और विशेषताओं के बारे में जानने की कोशिश करते हैं।
सवाल- नई शिक्षा नीति 2020 से क्या-क्या बदलाव स्कूल शिक्षा में आए हैं।
जवाब- नई शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों को लागू किया जा रहा है। वोकेशनल एजुकेशन पर गौर किया जा रहा है। छात्र/छात्राओं में कौशल विकास पर जोर दिया जा रहा है। विभिन्न कोर्स स्कूल में शुरू किए गए हैं।
सवाल- समाज के लिए कोई संदेश।
जवाब- शिक्षा में अच्छे संस्कारों का समावेश जरूरी है। इसके लिए घर और समाज से शुरूआत होनी चाहिए। स्कूलों में समाज की बेहतर बातों को आगे बढ़ाना चाहिए।