दिनेश कर्नाटक एवं आलोक मिश्रा को प्रथम रामबाई दीक्षित स्मृति लेखक सम्मान

दिनेश कर्नाटक एवं आलोक मिश्रा को प्रथम रामबाई दीक्षित स्मृति लेखक सम्मान
Spread the love

तीन/चार जनवरी को चित्रकूट में होगा सम्मान समारोह

तीर्थ चेतना न्यूज

बांदा। शैक्षिक लेखन के क्षेत्र में उल्लेखनीय लेखन के लिए स्थापित किए गए श्रीमती रामबाई दीक्षित स्मृति शिक्षा सम्मान – 2022 हेतु दो पुस्तकों नैनीताल निवासी दिनेश कर्नाटक की शिक्षा में बदलाव की चुनौतियां, आलोक मिश्रा की बच्चे मशीन नहीं को चुना गया है। उक्त लेखकों को तीन/चार जनवरी को चित्रकूट में होने वाले समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

उक्त जानकारी देते हुए सम्मान संस्थापक शिक्षक एवं वरिष्ठ साहित्यकार प्रमोद दीक्षित मलय ने बताया कि उन्होंने अपनी दिवंगत माता जी श्रीमती रामबाई दीक्षित की पुण्य स्मृति में ’श्रीमती रामबाई दीक्षित स्मृति शिक्षा सम्मान’ की स्थापना इसी वर्ष की है। यह सम्मान प्रत्येक वर्ष शिक्षा की बेहतरी के लिए उल्लेखनीय योगदान देने एवं विद्यालय को आनंदघर बनाने वाले दो शिक्षकों (जिनमें एक शिक्षिका एवं एक शिक्षक होंगे) तथा शिक्षा केंद्रित दो पुस्तकों के लेखकों को प्रदान किया जायेगा।

प्रथम श्रीमती रामबाई दीक्षित स्मृति शिक्षा सम्मान-2022 हेतु आसिया फारूकी (फतेहपुर) एवं रामकिशोर पांडेय (बांदा) का चयन किया गया है। वहीं प्राप्त पुस्तकों में से चयन समिति ने काव्यांश प्रकाशन, ऋषीकेश से प्रकाशित ’शिक्षा में बदलाव की चुनौतियाँ’ (लेखक – दिनेश कर्नाटक, नैनीताल) तथा अगोरा प्रकाशन, वाराणसी से प्रकाशित ’बच्चे मशीन नहीं हैं’ (लेखक – आलोक मिश्रा) का चयन किया है। चयन का आधार विषय वस्तु, कथ्य, मुद्दे, विचार-दर्शन, उभरते सवाल एवं समाधान, अध्यापन कर्म की रचनात्मकता में सहयोग, बच्चों, समुदाय एवं शिक्षकों के परस्पर सम्पर्क, सम्बंध एवं संवाद की गतिशीलता, भाषा-शैली, भाव सम्प्रेषणीयता, मुद्रण एवं कागज गुणवत्ता तथा विद्यालय एवं शिक्षा की बेहतरी के लिए उपयोगिता आदि बिंदु रहे हैं।

लेखक दिनेश कर्नाटक राजकीय इंटर कालेज फूलचौड, नैनीताल, उत्तराखंड में प्रवक्ता पद पर कार्यरत हैं। चार कहानी संग्रह, एक उपन्यास, एक यात्रा वृत्तांत एवं आलोचना पर एक पुस्तक प्रकाशित। छमाही शैक्षिक पत्रिका शैक्षिक दखल का संपादन कर रहे हैं।

दिल्ली के सरकारी विद्यालय में शिक्षक युवा लेखक आलोक मिश्रा एससीईआरटी दिल्ली में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर प्रतिनियुक्त हैं। दो कविता संग्रह प्रकाशित। विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में नियमित लेखन करते हुए बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए काम कर रहे हैं। दोनों लेखकों को ’श्रीमती रामबाई दीक्षित स्मृति शिक्षा सम्मान-2022’ चित्रकूट में तीन एवं चार जनवरी, 2023 को आयोजित एक शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षाविद्, समाजसेवी एवं साहित्यकारों पद्मश्री बाबूलाल दाहिया, डॉ. चंद्रिका प्रसाद दीक्षित ’ललित, गोपाल भाई, बाबूलाल दीक्षित, आशुतोष उपाध्याय, डॉ. धांसू अन्नू सिंह, मो. शरीफ अंसारी, अभिषेक ओझा आदि की मंचीय उपस्थिति में शिक्षक-शिक्षिकाओं के मध्य प्रदान किया जायेगा जिसमें प्रत्येक लेखक को नकद राशि, सम्मान पत्र, स्मृति चिह्न, मैडल, शॉल, श्रीफल एवं लेखनी आदि भेंट किये जायेंगे। सम्मान समारोह में विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं सहभागिता करेंगे।

Tirth Chetna

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *