देवप्रयाग में चक्का जाम का दिखा असर

प्रशासन ने अतिरिक्त बसें लगाई, एंबुलेंस तैनात
तीर्थ चेतना न्यूज
देवप्रयाग। बाह बाजार झूला पुल के बंद होने से पैदा हुई मुश्किलों के निराकरण हेतु नगर पालिका के चेयरमैन कृष्ण कांत कोटियाल के नेतृत्व में आयोजित चक्का जाम असर दिखने लगा है। प्रशासन ने लोगों के लिए अतिरिक्त बसें लगा दी हैं। साथ ही इमरजेंसी के लिए एंबुलेंस भी तैनात कर दी है।
बाह बाजार झूला पुल के बंद होने से क्षेत्र के लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अनुरोध के बावजूद प्रशासन ने इस पर गौर नहीं किया तो मंगलवार को नगर पालिका के चेयरमैन कृष्ण कांत कोटियाल के नेतृत्व में लोगों ने मंगलवार को देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर जबरदस्त चक्का जाम किया।
जाम खुलवाने पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों को लोगों ने खूब खरी खोटी सुनाई। इस दौरान प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच हुई वार्ता में जो वादा अधिकारियों ने किया था उस पर अमल भी शुरू हो गया। प्रशासन ने देर शाम ही बाह बाजार और बस स्टेशन के बीच अतिरिक्त बस सेवा शुरू कर दी है।
देर शाम ही जिला प्रशासने इमरजेंसी के लिए बाह बाजार मे ंएंबुलेंस तैनात कर दी है। अब फरवरी में नए पुल के लिए टेंडर होने हैं। इस पर भी आंदोलनकारियों की नजर है।
नगर पालिका के चेयरमैन कृष्ण कांत कोटियाल ने इसकी पुष्टि की। बताया कि बसों की अतिरिक्त व्यवस्था हो गई हैं। एंबुलेंस भी क्षेत्र में पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि देवप्रयाग की जनता जल्द से जल्द पुल पर काम शुरू होते देखना चाहती है। फरवरी में टेंडर होने की बात अधिकारियों ने वार्ता में बताई है।