कौन बन रहा मंत्री और किसकी हो रही कैबिनेट से छुटटी
धामी कैबिनेट के विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज
तीर्थ चेतना न्यूज
देहरादून। प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी कैबिनेट के विस्तार/ फेरबदल को लेकर चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। चर्चा है कि पांच या छह विधायकों को मंत्री बनने को मौका मिल सकता है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या मौजूदा कैबिनेट में किसी की छुटटी हो रही है।
उत्तराखंड मंे भाजपा ने अजीब सी परंपरा शुरू कर दी है। स्पष्ट बहुमत के बावजूद 2017 में कैबिनेट के कुछ पद खाली रखे गए। ये पद तब भरे गए जब मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को हटाया गया। 2022 में भी स्पष्ट बहुमत के बावजूद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने तीन पद रिक्त रखे।
चंदन राम दास के निधन के बाद कैबिनेट में रिक्त पदों की संख्या चार हो गई है। यानि पुष्कर सिंह धामी सरकार में मंत्रियों के 33 प्रतिशत पद खाली हैं। बहरहाल, इन खाली पदों को भरने की चर्चा इन दिनों जोरों पर है।
चर्चा पांच या छह विधायकों को कैबिनेट में स्थान मिलने की है। बताया जा रहा है कि मौजूदा कैबिनेट से एक या दो मंत्रियों की छुटटी हो सकती है। एक को लेकर तो राज्य की आम जनता सहज ही अंदाजा लगा रही है।
बताया जा रहा है कि आम लोगों की भावना भाजपा हाईकमान तक भी पहुंच गई है। अब देखने वाली बात होगी की पार्टी की छवि को बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री धामी ऐसा कोई निर्णय लेंगे। भाजपा से जुड़े खास सूत्र तो इस ओर इशारा भी करने लगे है।
इसके अलावा एक और कैबिनेट मंत्री को लेकर भी इस प्रकार की चर्चाएं हैं। ये चर्चा क्यों शुरू इसे आंतरिक राजनीति का हिस्सा बताया जा रहा है। फिलहाल उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तर से लेकर फेरबदल तक में कामकाज कभी आधार नहीं रहा है।
