दायित्वधारियों के नाम की फर्जी सूची में असली नाम
करीब एक साल से कर रहे भाजपाई दायित्व बंटने का इंतजार
तीर्थ चेतना न्यूज
देहरादून। भाजपा सरकार में कार्यकर्ताओं को दायित्व नहीं बंटे तो फर्जी तरीके से दायित्वधारियों की एक सूची सोशल मीडिया में आ गई। इस फर्जी सूची में एक-एक नाम असली है। यानि सूची में शामिल अधिकांश नामों की दायित्व को लेकर चर्चाएं रही हैं।
शासन में दायित्व पाने को भाजपा के नेता लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। संगठन और सरकार के स्तर से आज-कल, आज-कल भी कई बार हो चुकी है। सीएम के दिल्ली दौरे के समय ये चर्चाएं उफान पर होती हैं।
दायित्व मिलने की आस में कार्यकर्ता देहरादून की खूब दौड़ लगाते हैं। मगर, हर बार निराशा ही हाथ लगती है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कैबिनेट में खाली पड़ी चार कुर्सियों को भी अभी तक नहीं भर सकें। चर्चा है कि इन चार कुर्सियों की भराई की रश्म उपचुनाव के बाद होगी।
बहरहाल, दो दिनों से सोशल मीडिया में दायित्धारियों के नाम समेत एक सूची वायरल हो रही है। इस सूची को भाजपा फर्जी बता चुकी है। भाजपा के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने वायरल सूची को अफवाह बताया है। कहा कि संगठन व सरकार द्वारा इस तरह की कोई भी सूची दायित्व धारियों को लेकर जारी नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया समेत तमाम माध्यमों से प्रसारित की जा रही यह जानकारी पूरी तरह भ्रामक एवं तथ्यहीन है। भाजपा की ये बात पूरी तरह से सच हो सकती है। मगर, सूची में एक-एक नाम भाजपाई का ही है।
यही नहीं सूची में अधिकांश नाम वो ही हैं जिनको दायित्व मिलने की चर्चाएं पार्टी संगठन में अक्सर होती रहती हैं।