भाजपा में भाजयुमो के अच्छे दिन शुरू

एक पूर्व अध्यक्ष मुख्यमंत्री और दूसरा प्रदेश अध्यक्ष
तीर्थ चेतना न्यूज
ऋषिकेश। भारतीय जनता पार्टी में भारतीय जनता युवा मोर्चा के अच्छे दिन शुरू हो गए हैं। पार्टी ने भाजयुमो के एक पूर्व अध्यक्ष को उत्तराखंड का मुख्यमंत्री बनाया तो दूसरे को प्रदेश अध्यक्ष।
भाजपा अब पार्टी की नीति-रीति में अच्छे से फिल्टर हुए युवा चेहरों को आगे कर रही है। भाजयुमो इसका माध्यम बन रहा है। इस तरह से कहा जा सकता है कि भाजपा में भाजयुमो के अच्छे दिन शुरू हो गए हैं। यानि अब भाजपा युवा ब्रिगेड को आगे करने लगी है। ये पार्टी के उम्रदराज नेताओं के लिए एक संदेश भी हो सकता है।
बहरहाल, पार्टी ने पहले भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड को मुख्यमंत्री बनाया। इससे युवाओं के बीच पार्टी अच्छा संदेश देने में सफल रही। अब पार्टी ने भाजयुमो के एक और पूर्व अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भटट को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया है।
धामी और भटट की ताजपोशी में पार्टी ने उनके विधानसभा चुनाव की हार को खास तवज्जो नहीं दी। खास बात ये है कि महेंद्र भटट के साथ जो अन्य नाम प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चल रहा था वो भी भाजयुमो के पूर्व अध्यक्ष सौरभ थपलियाल का था। सौरभ थपलियाल लास्ट मूवमेंट में प्रदेश अध्यक्ष बनने से रह गए।