भाजपा के देवतुल्य कार्यकर्ताओं को अभी और करना होगा इंतजार

तीर्थ चेतना न्यूज
ऋषिकेश। भाजपा के देवतुल्य कार्यकर्ताओं के शासन में अच्छे दिन आने में अभी और वक्त लग सकता है। वक्त लगने की वजह धार्मिक बताई जा रही है। मगर, है राजनीतिक।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के बड़े नेताओं के स्तर से कहा जाता रहा है कि कार्यकर्ताओं को होली से पहले शासन में दायित्व बांटे जाएंगे। चर्चा रही कि नाम और संख्या भी तय हो चुकी है। दिल्ली से ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद एक-एक नाम पर चर्चा हो चुकी है। मगर, अभी तक लालबत्ती से किसी देवतुल्य कार्यकर्ता को नहीं नवाजा जा सका है।
इसमें हो रहे विलंब पर फिलहाल धर्म/ परंपरा का पर्दा डाला जा रहा है। बताया जा रहा है कि होलास्ट की वजह से देवतुल्य कार्यकर्ताओं को दायित्व नहीं बांटे जा सकें। हालांकि ऑफ द रिकॉर्ड इसके पीछे की वजह राजनीति के नफा नुकसान का आंकलन को बताया जा रहा है।
इसके अलावा देवतुल्य कार्यकर्ताओं के सिर पर आकाओं के हाथ के वजन का आंकलन भी किया जा रहा है। फिलहाल विलंब की बड़ी वजह यही समझी जा रही है। होली के तुरंत बाद सरकार गैरसैंण विधानसभा सत्र की तैयारी में व्यस्त हो जाएगी। यानि देवतुल्य कार्यकर्ताओं को दायित्व देने की शुभ घड़ी नए सिरे से तय हो सकती है।