बंशीधर भगत के बोल से असहज हुई भाजपा
पार्टी की छवि पर दिखने लगा असर
तीर्थ चेतना न्यूज
देहरादून। पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व कैबिनेट मंत्री विधायक बंशीधर भगत के बोल से एक बार फिर से भाजपा असहज महसूस कर रही है। ऐसे तमाम मामलों से पार्टी छवि पर असर दिखने लगा है।
पिछले करीब 10 सालों में राज्य की राजनीति में चप्पा-चप्पा भाजपा दिखता रहा है। जनता के इस भरोसे को अब पार्टी कई मोर्चों पर खरी नहीं दिख रही है। हाल के दिनों में कुछ मामले ऐसे हुए हैं जिससे पार्टी की छवि पर सीधा-सीधा असर दिखने लगा है।
ताजा मामला भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत से जुड़ा है। भगत का लक्ष्मी, सरस्वती और दुर्गा से संबंधित एक बयान से पार्टी असहज महसूस कर रही है। इससे पूर्व भी भगत के ऐसे बयान पार्टी को मुश्किल में डालते रहे हैं।
कांग्रेस ने भगत के बयान को मुददा बना दिया है। इसे भाजपा के बेटी बचाओ, बेटी बढ़ाओ के नारे के उलट बताया जा रहा है। कांग्रेस ने आरोप लगाना शुरू कर दिया है कि ये भाजपा का असली चेहरा है। सोशल मीडिया में ये मुददा खासा छाया हुआ है।
बहरहाल, इस मामले में भगत की तमाम सफाई के बावजूद भी मामला ठंडा होने का नाम नहीं ले रहा है। दरअसल, अंकिता भंडारी से लेकर भी लोगों में कई तरह की नाराजगी है। अब भगत के बयान ने इस नाराजगी को और बढ़ा दिया है।
स्थिति ये है कि भाजपा की छवि पर इसका असर दिख रहा है। लोग अब सार्वजनिक टिप्पणियां करने लगे हैं।