पौड़ी। आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के राजनीति के विभिन्न दलों के कई नेताओं का ब्लड प्रेशर बढ़ा दिया है। बेहद सुनियोजित ढंग से राज्य की सियासत में कदम बढ़ा रही आप से लोगों का जुड़ने का क्रम जारी है।
देश की राजधानी में कई बार भाजपा की चुनावी स्ट्रेटजी पर भारी पड़ चुकी आम आदमी पार्टी ने अब उत्तराखंड का रूख किया है। यहां पार्टी का कुनबा लगातार बढ़ रहा है। जनता के बीच सक्रित तमाम चेहरे आप के खेमे पहुंच चुके हैं। जबकि कई तैयारी कर रहे हैं।
इसके अलावा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी की बेहद सुनियोजित ढंग से चल रही चुनावी तैयारियों ने विभिन्न राजनीतिक दलों के कई दिग्गज नेताओं का ब्लड प्रेशर बढ़ा दिया है। उक्त नेताओं को क्षेत्र में एकाधिकार टूटता दिख रहा है।
सोशल मीडिया से लेकर जनता के बीच हर फ्रंट पर आप की सक्रियता राज्य में स्थापित राजनीतिक दलों के भी पसीने छुड़ाने लगी है। राजनीतिक दलों के जमीनी कार्यकर्ता भी इस बात को ऑफ द रिकॉर्ड स्वीकारने लगे हैं। राजनीतिक दलों के नेता जरूर अभी आप को गंभीरता से लेने से बच रहे हैं।
आप के बारे में फैलाया जा रहा भ्रम भी राजनीतिक दलों के काम नहीं आ रहा है। बहरहाल, आम आदमी पार्टी की उत्तराखंड में सक्रियता 2022 के चुनाव में कितनी प्रभावी रहती है इस पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। मगर, ये तय है कि अब बात 2017 जैसी तो नहीं रहेगी।