विभिन्न मांगों के लिए अनशन और हड़तालरत शिक्षक प्रदेश सरकार के आश्वासन पर मान गए। अब सोमवार से प्रदेश के करीब ढाई हजार हाई स्कूल और इंटर कालेज विधिवत खुल जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि राजकीय शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षक छह सितंबर से अनशन और 12 सितंबर से हड़ताल पर थे। ये हड़ताल रविवार को शासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गई। प्रदेश के शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने अनशनरत शिक्षक नेताओं को जूस पिलाकर आंदोलन समाप्त किया।
मांगों के संबंध में सरकार ने क्या आश्वास दिया और शिक्षकों की क्या मांगें पूरी हुई अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। ये जानने के लिए दिन भर शिक्षक अपने देहरादून स्थित संपर्कों को टटोलते रहे। इसके बाद शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने शिक्षकों के नाम पत्र जारी किया।
इसमें शासन से वार्ता का जिक्र किया गया है। साथ ही कहा गया है कि इसका ड्राफ्ट शिक्षक संघ के पदाधिकारियों को सोमवार को मिल सकेगा। इसके साथ ही शिक्षक नेताओं ने सोमवार से स्कूलों के विधिवत खुलने का ऐलान किया है।